प्रतापगढ़ के सलेम भदारी में 2.86 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मैरेज हाल, इस दिन होगा भूमि पूजन
सलेम भदारी स्थित आंबेडकर पार्क के पीछे 2.86 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मैरेज हाल के निर्माण स्थल का नगर पंचायत अध्यक्ष अनीता द्विवेदी और ईओ इंद्र प्रताप ने निरीक्षण किया। सोमवार को भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू होगा।

लालगंज, प्रतापगढ़। नगर पंचायत क्षेत्र के सलेम भदारी स्थित आंबेडकर पार्क के पीछे करीब 2 करोड़ 86 लाख रुपये की लागत से एक भव्य मैरेज हाल का निर्माण कराया जाएगा। शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता द्विवेदी ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) इंद्र प्रताप के साथ प्रस्तावित निर्माण स्थल का निरीक्षण कर निर्माण संबंधी विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष अनीता द्विवेदी ने बताया कि आगामी सोमवार को विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर मैरेज हाल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मैरेज हाल नगर क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक सुविधा साबित होगा, जिससे सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद लेखपाल ने अध्यक्ष को भूमि से संबंधित अभिलेखों एवं सीमांकन की विस्तृत जानकारी भी दी, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
गौरतलब है कि हाल ही में मैरेज हाल के निर्माण को लेकर कुछ विपक्षी नेताओं द्वारा सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार के आरोप लगाए गए थे। हालांकि अब निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने स्थल निरीक्षण के साथ कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया है और सोमवार से निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी कर ली है। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, पवन शुक्ला सहित नगर पंचायत के अन्य लोग मौजूद रहे।





