ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

स्पीड ब्रेकर बना जानलेवा: बाइक से गिरकर महिला की मौत, गांव में मातम

प्रतापगढ़ के रानीगंज-पट्टी मार्ग पर स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की, जबकि स्थानीय लोगों ने स्पीड ब्रेकर को मानकों के अनुरूप बनाने की मांग की।

प्रतापगढ़। रानीगंज-पट्टी मार्ग पर शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सदर क्षेत्र के पुरैनी गांव निवासी निर्मला देवी (50) पत्नी श्रीराम पाल अपने भतीजे के निधन के बाद जामताली में आयोजित अंतिम संस्कार में शामिल होकर शनिवार सुबह करीब पांच बजे बाइक से घर लौट रही थीं।

इसी दौरान रानीगंज-पट्टी मार्ग पर मां बाराही देवी धाम रेलवे फाटक के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक अचानक असंतुलित हो गई। संतुलन बिगड़ने से निर्मला देवी सड़क पर गिर पड़ीं और उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद साथ चल रहे परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर रानीगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक के पास बने ऊंचे स्पीड ब्रेकर पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि यहां पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर को मानकों के अनुरूप बनाने की मांग की है।

निर्मला देवी की असमय मौत से पुरैनी गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गम का माहौल बना हुआ है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button