यूपी कौशल विकास मिशन और IBM में हुआ समझौता, 2,000 से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर
लखनऊ में आयोजित मेगा जॉब मेला 2026 में यूपी कौशल विकास मिशन और IBM इंडिया के बीच एमओयू हुआ। एआई और डिजिटल स्किल्स प्रशिक्षण को बढ़ावा मिलेगा। 20 से अधिक कंपनियों ने 2,000 से ज्यादा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार और आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में मेगा जॉब मेला-2026 का आयोजन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और IBM इंडिया के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम का उद्घाटन व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने किया।
AI और डिजिटल स्किल्स पर मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
एमओयू के तहत प्रदेश के प्रशिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल स्किल्स, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को बदलती तकनीकों के अनुरूप तैयार कर बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। युवाओं को तकनीकी दक्षता, डिजिटल कौशल, प्रभावी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करना होगा ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।
20 से अधिक कंपनियों ने दिए रोजगार के अवसर
मेगा जॉब मेले में 2,000 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। एयरटेल पेमेंट्स बैंक, नायका, टाटा मोटर्स, सुजुकी सहित 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने यूपी कौशल विकास मिशन की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि IBM इंडिया (दक्षिण एशिया) की CSR प्रमुख शिप्रा शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी युवाओं तक अत्याधुनिक तकनीकी शिक्षा और AI आधारित प्रशिक्षण पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एमओयू के आदान-प्रदान के बाद सेरेमोनियल बेल रिंगिंग के साथ मेगा जॉब मेले का औपचारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में यूपीएसडीएम के संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, IBM के प्रतिनिधि, विभिन्न कंपनियों के अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





