किसानों, महंगाई और राम मंदिर चढ़ावा समेत कई मुद्दों पर विधानसभा परिसर में सपा विधायकों का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने किसानों, खाद संकट, महंगाई, कानून-व्यवस्था, भर्ती परीक्षा पेपर लीक और राम मंदिर चढ़ावा से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन कर राज्य सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। प्रदर्शन के दौरान किसानों की समस्याएं, खाद की कथित कमी, बढ़ती महंगाई, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा से जुड़े विवाद तथा नीट और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
विधानसभा परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने लाल टोपी पहने सपा विधायक हाथों में पोस्टर लेकर धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
किसानों, युवाओं और कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, महंगाई लगातार बढ़ रही है, भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है और कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मामलों को भी उठाया।
धरने के दौरान “चंदा चोर, गद्दी छोड़”, “प्रभु राम का धन बीजेपी ने किया गबन” और “नीट है या चीट है” जैसे नारे भी लगाए गए।
सदन में मुद्दे उठाने की घोषणा
धरना-प्रदर्शन में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पाण्डेय, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव सहित समाजवादी पार्टी के सभी विधायक मौजूद रहे। सपा नेताओं ने कहा कि इन सभी मुद्दों को मानसून सत्र के दौरान सदन में प्रमुखता से उठाया जाएगा और सरकार से जवाब मांगा जाएगा।





