
लखनऊ।
राजधानी लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान, चांदी का सिक्का, पंखों के सामान और 5,150 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बंद मकान को बनाते थे निशाना, पहले करते थे रेकी
पुलिस के मुताबिक, शाहनजफ रोड निवासी कृष्ण कुमार ने 31 जुलाई को हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को उनके मकान के ऊपरी हिस्से में बने बाथरूम से जगुआर कंपनी की दो टोटियां चोरी हो गई थीं। घर की तीनों अलमारियां खुली मिलीं और सामान बिखरा हुआ था।
जांच में चांदी की आठ कटोरियां, चार गिलास, 30 चांदी के सिक्के, पुराने फोटो कैमरे, साड़ियां, सूट समेत कई कीमती सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इसके बाद 5 अगस्त को उसी मकान से तीन पुराने पंखे और एक एग्जॉस्ट फैन चोरी होने की दूसरी शिकायत भी दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना से पकड़े गए आरोपी
चोरी की दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए हजरतगंज पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 6 अगस्त की रात न्यू लक्ष्मण मेला मैदान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराम मौर्या उर्फ वाइटनर, सुनील यादव और शारिफ के रूप में हुई है।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए बंद मकानों को निशाना बनाते थे। इसके लिए पहले मकानों की रेकी की जाती थी। रात में मौका देखकर दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते और दरवाजे के नीचे बने खाली स्थान का इस्तेमाल कर अंदर पहुंचते थे।
इसके बाद अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी, चांदी के सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान अज्ञात लोगों को बेचकर मिलने वाली रकम आपस में बांट लेते थे।
चांदी का सिक्का, पंखों का सामान और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक चांदी का सिक्का, तीन पंखों से संबंधित सामान और 5,150 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार, जयराम मौर्या और सुनील यादव के खिलाफ पहले से चोरी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगालने के साथ ही उनसे जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच कर रही है।
हजरतगंज चोरी मामले में जांच जारी
कमिश्नरेट पुलिस के मुताबिक, लखनऊ में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है। हजरतगंज चोरी मामले में विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





