ताज़ा ख़बरलखनऊ

रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि, रोहित अग्रवाल बोले- आज भी प्रासंगिक हैं गुरुदेव के विचार

लखनऊ में रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। रोहित अग्रवाल ने टैगोर के विचारों को आज भी प्रासंगिक बताते हुए पौधारोपण और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की अपील की।

राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार विजेता और महान साहित्यकार गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पुण्यतिथि पर लखनऊ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। बंगे नागरिक समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और मानवता के क्षेत्र में टैगोर के योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोकदल व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने लखनऊ में स्थित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्र, समाज और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को नमन किया।

रोहित अग्रवाल ने बताया टैगोर के विचारों को आज भी प्रासंगिक

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रोहित अग्रवाल ने कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के विचार आज भी समाज के लिए बेहद प्रासंगिक हैं। उनके विचार ज्ञान, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और मानवता का मार्ग दिखाते हैं।

उन्होंने कहा कि टैगोर के आदर्श नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे में उनके विचारों और जीवन दर्शन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।

स्वर्गीय मानसी दत्ता को भी दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान बंगे नागरिक समाज की महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की अनुयायी रहीं स्वर्गीय मानसी दत्ता की पुण्यतिथि पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित लोगों ने उनके सामाजिक कार्यों और समाज सेवा के प्रति समर्पण को याद किया।

रोहित अग्रवाल को तुलसी का पौधा देकर किया सम्मानित

बंगे नागरिक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी.के. दत्ता ने रोहित अग्रवाल को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान ग्रहण करते हुए रोहित अग्रवाल ने बंगे नागरिक समाज का आभार जताया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की। साथ ही भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करने का आह्वान किया।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

कार्यक्रम में बंगे नागरिक समाज के पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button