
प्रतापगढ़।
नगर क्षेत्र के महुली में जर्जर दीवार गिरने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला जारी है। सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा महुली पहुंचे और हादसे में जीवित बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उनका दर्द साझा किया।
डॉ. रोहित मिश्रा ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए अमन को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद अमन के सामने जीवन यापन की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और शासन-प्रशासन के स्तर से हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने भी अमन को भरोसा दिलाया कि उसकी जरूरतों को लेकर वह लगातार प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अमन श्रीवास्तव के बेहतर जीवन-यापन और भविष्य को मजबूत बनाने के लिए ठोस एवं सार्थक कदम उठाने की मांग की जाएगी।
महुली की इस हृदयविदारक घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की जान चली गई थी। हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पीड़ित अमन के भविष्य को लेकर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी मदद की पहल की जा रही है।





