
प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी के मीराभवन स्थित जिला कार्यालय में शनिवार को बाबा लक्खीशाह बंजारा की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके सामाजिक, धार्मिक और लोककल्याणकारी योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बाबा लक्खीशाह बंजारा 17वीं शताब्दी के अदम्य साहसी सिक्ख समुदाय के व्यापारी, महान योद्धा और समाज सुधारक थे।
उन्होंने जनकल्याण के उद्देश्य से अनेक कुओं, बावड़ियों और तालाबों का निर्माण कराया। साथ ही दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में रायसीना, मालचा और नरेला सहित कई गांवों को बसाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वक्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा और मानव कल्याण के कार्यों में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनीष पाल, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रामबहादुर पटेल, नगर अध्यक्ष निसार अहमद,
सांसद मीडिया प्रभारी वकार अहमद, अनिल मौर्य, मो. असलम, विकास यादव, जवाहर पाल, मो. वारिस, प्रदीप यादव, मानवेन्द्र पटेल, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





