मेडिकल कॉलेज को संपत्तियां हस्तांतरित न होने पर कार्रवाई की मांग
प्रतापगढ़ में जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय की चल-अचल संपत्तियां स्वशासी मेडिकल कॉलेज को हस्तांतरित न होने पर भाजपा नेता सुनील गोयल ने चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक से कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि इससे मेडिकल कॉलेज के संचालन और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।

प्रतापगढ़। जिला चिकित्सालय की चल एवं अचल संपत्तियों का स्वशासी मेडिकल कॉलेज को अब तक हस्तांतरण न किए जाने से मेडिकल कालेज का लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा है।प्राचार्य द्वारा बार बार पत्राचार किए जाने के बाद भी सीएमओ द्वारा कोई पहल नहीं किया जा रहा है।
भाजपा नेता सुनील गोयल ने चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक को पत्र भेजकर मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि शासन ने वर्ष 2020 में आदेश जारी कर जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय की संपत्तियां स्वशासी मेडिकल कॉलेज को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा आदेशों का पूर्ण अनुपालन नहीं किया गया, जिससे मेडिकल कॉलेज के संचालन, चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के निर्माण पूर्ण होने के बावजूद जिला चिकित्सालय परिसर का कब्जा नहीं छोड़ा गया है। साथ ही अस्पताल की चल एवं अचल संपत्तियों का विधिवत हस्तांतरण भी लंबित है।
इससे शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न हो रही है और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।भाजपा नेता व
समाजसेवी ने महानिदेशक से मामले की जांच कर आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा शासन के निर्देशों का तत्काल पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।





