टीजीटी (गणित) में चयनित राजमणि त्रिपाठी का हुआ सम्मान, क्षेत्र में खुशी की लहर
क्षेत्र के जलालपुर अमावा निवासी राजमणि त्रिपाठी के टीजीटी (गणित) पद पर चयन होने पर बाबा घुइसरनाथ धाम सुंदरकांड आयोजन समिति के अध्यक्ष पं. सुधीर आजाद 'अधिवक्ता' ने सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

लालगंज, प्रतापगढ़। जलालपुर निवासी श्री राजमणि त्रिपाठी का उत्तर प्रदेश में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) गणित पद पर चयन होने से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर बाबा घुइसरनाथ धाम सुंदरकांड आयोजन समिति के अध्यक्ष पं. सुधीर आजाद ‘अधिवक्ता’ ने उन्हें अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि राजमणि त्रिपाठी की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे क्षेत्र का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।
इस अवसर पर पंडित नागेश दत्त पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल एस.एन. त्रिपाठी, शिक्षक विष्णु सिंह, एनवीएसएस पब्लिक स्कूल शुकुलपुर (सांगीपुर) के प्रिंसिपल अनुज शुक्ल, रवि शुक्ल, मनीष शुक्ल सहित अन्य गणमान्य लोगों ने राजमणि त्रिपाठी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाओं से विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



