मानिकपुर में नाली व आरसीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
प्रतापगढ़ के मानिकपुर नगर पंचायत के बजहा वार्ड में डूडा विभाग द्वारा कराए जा रहे नाली और आरसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। डीएम से तकनीकी जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

मानिकपुर, प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर के बजहा वार्ड संख्या-2 दोपेडियां में डूडा विभाग के तहत कराए जा रहे नाली एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाली निर्माण में कमजोर एवं पीली ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। आरोप है कि नाली की चौड़ाई और गहराई भी मानकों के अनुरूप नहीं रखी जा रही है तथा कई स्थानों पर पुरानी नालियों को हटाए बिना ही ऊपर से नई ढलाई कर दी गई है। वहीं आरसीसी सड़क निर्माण में भी मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग न किए जाने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी प्रकार निर्माण कार्य जारी रहा तो पहली ही बरसात में सड़क और नाली क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, जिससे लोगों को जलभराव और आवागमन की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ेगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल उर्फ डिंपू ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर संबंधित ठेकेदार की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य का टेंडर एक वर्ष से अधिक पुराना है, इसके बावजूद गुणवत्ता की निगरानी प्रभावी ढंग से नहीं की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं डूडा विभाग के उच्च अधिकारियों से तकनीकी टीम भेजकर पूरे निर्माण कार्य की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सम्बंधित ठेकेदार का पक्ष जानने के लिए उनसे कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, विभागीय अधिकारियों की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
नगर पंचायत अध्यक्ष मानिकपुर का कहना है कि निरीक्षण कराया गया है l लापरवाही पाई गई है l संबंधित लोगों को मानक का पालन करने को कहा गया है l





