उत्तर प्रदेशताज़ा ख़बरप्रतापगढ़बड़ी खबरलखनऊ

कुंडा विधायक राजा भैया की बड़ी उपलब्धि, यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक पर साधा निशाना

प्रतापगढ़ के कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। नई दिल्ली की डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग में शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से सात बार के विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने खेल जगत में नई उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर अपनी निशानेबाजी का दम दिखाया है।

नई दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून के बीच आयोजित इस प्रतियोगिता के परिणाम बुधवार को घोषित किए गए। प्रतियोगी संख्या 71 के रूप में हिस्सा लेने वाले राजा भैया ने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) स्पर्धा में 25 अंकों का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया।

शूटिंग का वीडियो भी हुआ वायरल

राजा भैया की इस उपलब्धि के साथ उनका शूटिंग करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह सटीक निशाना लगाते नजर आ रहे हैं। उनकी पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इस उपलब्धि का वीडियो साझा किया गया है।

हथियारों के शौकीन हैं राजा भैया

राजा भैया को हथियारों का विशेष शौक है। हर वर्ष दशहरे के अवसर पर वह अपने शस्त्रागार में रखे हथियारों का विधिवत पूजन करते हैं। पिछले वर्ष दशहरे पर सामने आए वीडियो में उनके संग्रह में 200 से अधिक देशी और विदेशी हथियार दिखाई दिए थे, जिनमें पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी कार्बाइन शामिल थीं।

शस्त्र पूजन के दौरान उन्होंने कहा था कि उनके शस्त्र उनके समर्थकों की धरोहर भी हैं।

NRAI के लाइफटाइम मेंबर हैं

राजा भैया नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के आजीवन सदस्य हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह भी निशानेबाज रहे हैं और उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने शूटिंग की शुरुआत की थी।

इन 7 तस्वीरों में दिखती है राजा भैया की दबंगई! देखें अनदेखी Photos

सातवीं बार विधायक हैं राजा भैया

रघुराज प्रताप सिंह ने वर्ष 1993 में महज 24 वर्ष की उम्र में प्रतापगढ़ की कुंडा विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने लगातार कई चुनावों में जीत दर्ज करते हुए इस सीट को अपना मजबूत गढ़ बना लिया।

करीब 25 वर्षों तक निर्दलीय राजनीति करने के बाद उन्होंने 2018 में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन किया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह अपनी पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीत दर्ज कर लगातार सातवीं बार विधायक बने।

राजा भैया उत्तर प्रदेश की विभिन्न सरकारों में खेल एवं युवा कल्याण, खाद्य एवं रसद तथा जेल जैसे महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीति के साथ-साथ अब निशानेबाजी में कांस्य पदक जीतकर उन्होंने अपनी एक और पहचान मजबूत की है।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button