


मेरठ। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मेरठ पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी अविनाश पांडेय ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखने तथा समय रहते रूट डायवर्जन योजना लागू कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राधना, पाली, सरूरपुर खुर्द और पुरा महादेव कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले, एसपी देहात अभिजीत कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एडीजी भानु भास्कर ने कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों और ढाबों में स्वच्छता सुनिश्चित करने, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का अधिकतम उपयोग करने तथा नियमों के अनुरूप ही डीजे और कांवड़ संचालित करने के निर्देश दिए। एसपी यातायात को प्रभावी रूट डायवर्जन योजना तैयार करने के साथ पिछले वर्षों की कमियों को दूर कर जाम की समस्या रोकने के निर्देश भी दिए गए। वहीं बिजली विभाग को बिजली के खंभों पर सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
बैठक में बताया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए डाक कांवड़ और डीजे वाहनों की अधिकतम ऊंचाई 10 से 12 फीट निर्धारित की गई है। वहीं डीजे की ध्वनि सीमा 75 डेसिबल तय की गई है। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।