
प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित नए यमुना पुल से गुरुवार शाम एक 23 वर्षीय युवक ने यमुना नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों ने करीब डेढ़ घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान सराय इनायत निवासी शानू (23) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक पुल पर कुछ देर तक टहलता रहा और फिर मोबाइल फोन पर बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान ही वह अचानक रेलिंग पर चढ़ा और यमुना में छलांग लगा दी। घटना से पुल पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही कीडगंज पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के पास मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि उन्हें भी यह समझ नहीं आ रहा कि शानू ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितियों की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।





