ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज में पीडीए का बुलडोजर एक्शन, 58 बीघे में बसी अवैध ‘शिखर ग्रीन’ कॉलोनी ध्वस्त

प्रयागराज के कटहुला गौसपुर में पीडीए ने 58 बीघे में विकसित अवैध 'शिखर ग्रीन' कॉलोनी पर बड़ी कार्रवाई की। बिना स्वीकृत लेआउट की प्लाटिंग, सड़कों और बाउंड्री को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।

प्रयागराज। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कटहुला गौसपुर स्थित ‘शिखर ग्रीन’ नामक अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। करीब 58 बीघे क्षेत्रफल में विकसित की जा रही इस अवैध प्लाटिंग पर पीडीए का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।

पीडीए के अनुसार, जोन-02 के उपजोन-2ए क्षेत्र में मधुकर मिश्रा, वदूद अहमद, अतुल, मकबूल समेत अन्य लोगों द्वारा बिना प्राधिकरण से मानचित्र और लेआउट स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी की सड़कों, प्लॉटों की बाउंड्री व अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनियों के विकास पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना स्वीकृत लेआउट और मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग नियमों के विरुद्ध है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पीडीए ने बिल्डरों और डेवलपर्स को चेतावनी दी है कि किसी भी विकास कार्य से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करना अनिवार्य है। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी प्लॉट या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की पूरी जांच कर लें, ताकि भविष्य में कानूनी और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

ध्वस्तीकरण अभियान में जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल, अवर अभियंता विनोद कुमार गुप्ता, पीडीए सुपरवाइजर, प्रवर्तन टीम और थाना एयरपोर्ट पुलिस के जवान मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button