अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़ी पिकअप में घुसी, सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत
अयोध्या से लौट रहे श्रद्धालुओं की वैगनआर प्रतापगढ़ के रानीगंज में खड़ी पिकअप से टकरा गई। हादसे में सगे भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि युवती का मंगेतर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रतापगढ।जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं। लखनऊ-वाराणसी राज्यमार्ग पर रानीगंज चौराहे के पास हाईवे किनारे खड़ी लकड़ी लदी पिकअप में पीछे से तेज रफ्तार वैगनआर कार जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिकअप के नीचे समा गया और पिकअप डिवाइडर पर चढ़कर कार के ऊपर आ गिरी। इस भयावह हादसे में कार में फंसे सगे भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत युवती की दो माह बाद शादी होनी थी और कार चला रहा युवक उसका मंगेतर बताया जा रहा है। 
बुधवार की रात करीब 12:30 बजे हुए इस हादसे की तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए।
सबसे पहले रानीगंज ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा और शिवम गौतम मौके पर पहुंचे। दोनों ने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में चौकी कस्बा प्रभारी अंकित श्रीवास्तव, एसआई शिवेंद्र यादव, भारी पुलिस बल तथा फायर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
कार की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। टक्कर के बाद कार पूरी तरह पिकअप के पिछले हिस्से में धंस चुकी थी। चालक को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कार के अंदर दो लोग बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें निकालना आसान नहीं था।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में जेसीबी मशीन बुलानी पड़ी। कार और पिकअप को अलग करने के बाद कड़ी मशक्कत से दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मोहित सोनी (29) पुत्र दीपकनाथ, निवासी कटरा मुंगरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर, अपनी मंगेतर रोली सोनी (26) पुत्री राजेंद्र प्रसाद तथा उसके भाई आकाश सोनी उर्फ मोनू (23) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी मनकापुर, जनपद गोण्डा के साथ कार से अयोध्या दर्शन कर वापस लौट रहे थे।
परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें रोली की बहन, जीजा और उनके बच्चे शामिल थे, दूसरी कार से आगे चल रहे थे। दोनों गाड़ियां एक साथ अयोध्या से निकली थीं और मुंगरा बादशाहपुर की ओर लौट रही थीं।
जैसे ही वैगनआर रानीगंज चौराहे से आगे सीओ कार्यालय के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़ी पलाई लदी पिकअप से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई और उसका पिछला हिस्सा कार के ऊपर आ गिरा। कार चला रहे मोहित सोनी को स्थानीय लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला और तत्काल ट्रामा सेंटर भेज दिया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
दूसरी ओर कार में फंसे रोली और उसके भाई आकाश को निकालने के लिए राहत दल को काफी संघर्ष करना पड़ा। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था। लोहे की चादरों में दोनों बुरी तरह फंस गए थे। जेसीबी से पिकअप को हटाने और कार को काटने के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
हादसे के दौरान बचाव कार्य में पुलिसकर्मियों, ट्रामा सेंटर के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय दिया। कांस्टेबल दिलीप, आशीष, फतनपुर थाने में तैनात सिपाही रुद्रांश चौबे, ट्रामा सेंटर के कर्मचारी रजनीश वर्मा, शिवम गौतम तथा स्थानीय लोग राहत कार्य में जुटे रहे। सभी ने मिलकर जेसीबी की सहायता से कार और पिकअप को अलग कराया तथा फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
हादसे की जानकारी आगे चल रही दूसरी कार में सवार रोली की बहन और जीजा को मिली तो वे तुरंत घटनास्थल पहुंचे। बहन अपनी बहन और भाई की हालत देखकर बदहवास हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बाद में मुंगरा बादशाहपुर और अन्य स्थानों से भी परिजन मौके पर पहुंच गए। पूरे घटनास्थल पर चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क पर बरती जाने वाली सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रानीगंज की यह दर्दनाक दुर्घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। जिस परिवार में दो माह बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है। सगे भाई-बहन की एक साथ हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। देर रात तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही और हर कोई इस हृदयविदारक हादसे की चर्चा करता नजर आया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।





