
लालगंज, प्रतापगढ़। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत विकास क्षेत्र के सराय भागमानी गांव में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने रैली के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए।

रैली में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री सुधा शुक्ला, कृष्ण कुमारी एवं सहायिका अनोखा देवी ने भी सहभागिता की। बच्चों ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई रखने, आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने और रोगों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने का संदेश दिया।
इस दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि मच्छरों से बचाव, स्वच्छ पेयजल का उपयोग और नियमित साफ-सफाई अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। बच्चों की जागरूकता रैली ने अभियान को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक हरिश्चंद्र यादव, शिक्षा मित्र अनिल कुमार, अंजू द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।





