महुली हादसे के पीड़ित परिवार से मिले प्रभारी मंत्री, शहीद सूबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों से भी की मुलाकात
प्रतापगढ़ में महुली हादसे के करीब एक सप्ताह बाद प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह पीड़ित परिवार से मिले और अमन श्रीवास्तव का हाल जाना। इसके बाद शहीद सूबेदार सुधाकर सिंह के परिजनों से भी मुलाकात की।

प्रतापगढ़।
महुली में जर्जर भवन गिरने से छह लोगों की मौत की हृदयविदारक घटना के करीब एक सप्ताह बाद प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
प्रभारी मंत्री ने हादसे में इकलौते जीवित बचे अमन श्रीवास्तव से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। शासन से अनुमन्य सहायता परिवार तक पहुंचाने और जरूरी सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और घटना को बेहद दुखद बताते हुए संवेदना व्यक्त की। इस दौरान सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शहीद सूबेदार सुधाकर सिंह के घर भी पहुंचे प्रभारी मंत्री
महुली हादसे के पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह कोतवाली नगर क्षेत्र के गोड़े-चिलबिला चौकी क्षेत्र स्थित शहीद सूबेदार सुधाकर सिंह के निज आवास पहुंचे। उन्होंने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
प्रभारी मंत्री ने देश के लिए शहीद सूबेदार सुधाकर सिंह के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर समेत संबंधित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री के दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दोनों परिवारों से जुड़ी आवश्यकताओं और शासन स्तर से मिलने वाली सहायता की जानकारी ली।





