ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

प्रतापगढ़ में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग संसद में गूंजी, इमरान प्रतापगढ़ी ने उठाया मुद्दा

प्रतापगढ़ जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने संसद में उठाई। उन्होंने 20503 अप और 20504 डाउन के ठहराव की मांग की।

प्रतापगढ़।

जिले में लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं की मांग अब संसद तक पहुंच गई है। महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी ने संसद में प्रतापगढ़ जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग उठाई है।

सांसद ने स्पेशल मेंशन के माध्यम से मांग रखी कि दिल्ली से डिब्रूगढ़ जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस संख्या 20503 अप और डिब्रूगढ़ से दिल्ली जाने वाली 20504 डाउन का प्रतापगढ़ जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए।

राजधानी एक्सप्रेस प्रतापगढ़ जंक्शन से होकर गुजरती है, लेकिन यहां ठहराव नहीं होने के कारण जिले के यात्रियों को इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा का सीधा लाभ नहीं मिल पाता। सांसद ने जनहित का हवाला देते हुए संसद में प्रतापगढ़ में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की आवश्यकता पर जोर दिया।

पहले भी संसद में उठा चुके हैं प्रतापगढ़ की रेल सुविधाओं का मुद्दा

इमरान प्रतापगढ़ी इससे पहले भी संसद में प्रतापगढ़ से जुड़ी रेल सुविधाओं का मुद्दा उठा चुके हैं। शून्यकाल के दौरान उन्होंने प्रतापगढ़ से मुंबई के लिए दैनिक ट्रेन चलाने की मांग रखी थी।

महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद होने के बावजूद प्रतापगढ़ से अपने जुड़ाव के चलते इमरान प्रतापगढ़ी समय-समय पर जिले की रेल और अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं को संसद में उठाते रहे हैं।

अल्पसंख्यक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दानिश माबूद ने यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रतापगढ़ जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव से जिले के यात्रियों को दिल्ली के साथ बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों की यात्रा में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय जनहित की इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा। अब क्षेत्रवासियों की नजर रेल मंत्रालय की ओर से राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव को लेकर होने वाली कार्रवाई पर है।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button