ताज़ा ख़बरफतेहपुर

मोबाइल की लत से घट रही याददाश्त, स्क्रीन से बनाएं दूरी: एसपी अभिमन्यु मांगलिक

फतेहपुर में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने छात्रों को मोबाइल की लत से दूर रहने की सलाह दी। बोले, अधिक मोबाइल इस्तेमाल से याददाश्त प्रभावित हो रही है, पढ़ाई के साथ खेलकूद पर दें ध्यान।

फतेहपुर।

मोबाइल फोन की स्क्रीन पर घंटों समय बिताने वाले बच्चों को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मोबाइल से दूरी बनाने की सलाह दी। शनिवार को पक्का तालाब स्थित ब्रिलियंट ओरिएंटल स्कूल में आयोजित पदग्रहण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एसपी ने कहा कि मोबाइल के अधिक इस्तेमाल से लोगों की याददाश्त भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

आईएएस-आईपीएस बनकर देशसेवा का रखें लक्ष्य

पदग्रहण समारोह में एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने छात्र-छात्राओं को आईएएस और आईपीएस बनकर देशसेवा करने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह भी कभी एक सामान्य छात्र थे, लेकिन मेहनत और लगन के बल पर यूपीएससी परीक्षा पास की।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि कोई भी लक्ष्य इतना बड़ा नहीं है, जहां मेहनत और लगन के दम पर पहुंचा न जा सके। एसपी ने बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासित रहने और लगातार प्रयास करते रहने का संदेश दिया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

विद्यालय के पदग्रहण समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज और पट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद सभी पदाधिकारियों को उनके पद और कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई।

एसपी के विद्यालय परिसर पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया। बच्चों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया, जबकि विद्यार्थियों ने गार्ड ऑफ ऑनर पेश किया। स्पोर्ट्स टीचर मोहम्मद मोहसिन ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।

स्कूल के इंफ्रास्ट्रक्चर का किया निरीक्षण

कार्यक्रम से पहले एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल के ग्राउंड, कक्षाओं, लाइब्रेरी और मल्टीपरपज हॉल का जायजा लिया। स्मार्ट क्लास की सुविधाओं को देखकर उन्होंने विद्यालय के इंफ्रास्ट्रक्चर की सराहना की।

एसपी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और बच्चों के अनुशासन की भी प्रशंसा की।

महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में पहुंचे बच्चे

समारोह में विद्यार्थियों ने देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार की ओर से एसपी को बुके देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के संस्थापक इश्तियाक हुसैन, चेयरमैन वासिफ हुसैन, डायरेक्टर कृष्णा उप्पल, वकील अहमद, ताहिर हुसैन, आसिफ हुसैन, अरशद नूर, ताहिर हसन, अफजल अली, कहकशां शाहीन, कनीज फातिमा और शुमैला शाहीन समेत विद्यालय परिवार के सदस्यों ने एसपी का स्वागत किया। आसिफ हुसैन और वकील अहमद ने उन्हें प्रतीक चिह्न भी भेंट किया।

कार्यक्रम का संचालन फजल बाकरी, ताहिर हसन और अफजल अली ने किया। इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button