
लालगंज, प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात करंट लगने से एक विवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के हाता का पुरवा गांव निवासी देवेंद्र सिंह की पत्नी आशा सिंह (36) शनिवार रात अपने कमरे में सोने जा रही थीं। इसी दौरान कमरे में लगे फर्राटा पंखे में अचानक करंट उतर आने से वह उसकी चपेट में आ गईं। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। आशा सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलने पर लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





