सर्पदंश का कहर जारी: लालगंज में छह वर्षीय मासूम की मौत, सप्ताहभर में तीन लोगों की गई जान
जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार जानलेवा साबित हो रही हैं। लालगंज में छह वर्षीय मासूम की मौत के बाद सप्ताहभर के भीतर जिले में सर्पदंश से मृतकों की संख्या तीन पहुंच गई है। सांगीपुर क्षेत्र में भी एक महिला और एक युवक की जान जा चुकी है।

लालगंज, प्रतापगढ़। जिले में सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ढिंगवस गांव में शनिवार देर शाम सांप के डसने से एक छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, सप्ताहभर के भीतर जिले में सर्पदंश से तीन लोगों की मौत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ढिंगवस गांव निवासी दीपक कुमार सरोज का छह वर्षीय पुत्र दिवस शनिवार शाम घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पहले झाड़फूंक का सहारा लिया। रविवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में लालगंज ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस ट्रामा सेंटर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
उल्लेखनीय है कि सप्ताहभर पहले सांगीपुर थाना क्षेत्र में भी सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक युवक की मौत हो चुकी है।



