
प्रतापगढ़। जनपद में शराब की बिक्री लगातार बढ़ रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल, मई और जून) की समीक्षा रिपोर्ट में सामने आया है कि तीन माह के भीतर जिले में 126.67 करोड़ रुपये की देशी, अंग्रेजी शराब और बीयर की बिक्री हुई। बिक्री बढ़ने के साथ आबकारी विभाग की आय भी लक्ष्य से अधिक रही, जिससे विभाग को प्रदेश में 10वां स्थान हासिल हुआ है।
आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से जून के बीच विभाग ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 111.19 प्रतिशत राजस्व अर्जित किया। देशी शराब, अंग्रेजी शराब और बीयर तीनों श्रेणियों की बिक्री में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे विभाग के राजस्व में भी अच्छी वृद्धि हुई है।
दूसरी ओर अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान भी तेज किया। तीन माह के दौरान जिले में चलाए गए विशेष अभियान में 590 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 14,824 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने में प्रयुक्त सैकड़ों कुंतल लहन नष्ट कर अवैध भट्टियों पर भी कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश्वर नाथ सिंह ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि लाइसेंसी दुकानों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। दुकान के बाहर शराब पिलाने, निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने अथवा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अनुज्ञापियों को शासन के निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
आबकारी विभाग का कहना है कि राजस्व वृद्धि के साथ-साथ अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण विभाग की प्राथमिकता है। इसी का परिणाम है कि प्रतापगढ़ ने प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष दस जिलों में स्थान बनाया है।





