
लखनऊ :
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। शराब के नशे में घर लौटे एक व्यक्ति की पत्नी और बेटे के साथ कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मीरक नगर निवासी 54 वर्षीय कैलाश चन्द्र की 4 अगस्त को उपचार के दौरान मौत हो गई। जांच में सामने आया कि 3 अगस्त की देर शाम वह शराब के नशे में घर पहुंचे थे। इसी दौरान घरेलू बातों को लेकर उनकी पत्नी और बेटे से विवाद शुरू हुआ, जो हिंसक झगड़े में बदल गया।
मारपीट में गंभीर रूप से घायल कैलाश चन्द्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की मां रामपति की शिकायत पर निगोहां थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक के बेटे अरुण कुमार उर्फ शिवम कुमार गौतम (22) और पत्नी लज्जावती (45) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी बेटे ने बताया कि उसके पिता शराब पीने के आदी थे और इसी वजह से घर में अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी विवाद बढ़ने पर उसने और उसकी मां ने मिलकर कैलाश चन्द्र के साथ मारपीट की, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और बाद में मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





