खाद संकट और पेट्रोल में एथेनॉल मिलावट के विरोध में अपना दल (कमेरावादी) का प्रदर्शन
धान की रोपाई के बीच खाद की किल्लत और पेट्रोल-डीजल में एथेनॉल मिलावट के विरोध में अपना दल (कमेरावादी) ने प्रतापगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और एथेनॉल मिलावट बंद करने की मांग की।

प्रतापगढ़। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और पेट्रोल-डीजल में एथेनॉल मिलावट पर रोक लगाने की मांग को लेकर मंगलवार को अपना दल (कमेरावादी) ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को सौंपा।
प्रदर्शन में जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने खाद संकट और कथित मिलावट के विरोध में जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने “किसानों को खाद उपलब्ध कराओ”, “प्रदेश में खाद संकट क्यों”, “बीजेपी सरकार जवाब दो” और “कालाबाजारी व जमाखोरी पर रोक लगाओ” जैसे नारे लगाए।
राष्ट्रीय सचिव एडवोकेट अशोक कुमार पटेल ने आरोप लगाया कि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है। साधन सहकारी समितियों पर खाद की कमी के कारण किसानों को बाजार से ऊंचे दामों पर उर्वरक खरीदना पड़ रहा है। 
उन्होंने यह भी कहा कि पेट्रोल-डीजल में एथेनॉल मिलाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के इंजन तथा माइलेज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे आम जनता परेशान है।
वक्ताओं ने सरकार से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और आवश्यक वस्तुओं में कथित मिलावट व कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र पटेल, प्रदेश अध्यक्ष व्यापार मंच जय कौशल, प्रदेश सचिव किसान मंच राजेंद्र प्रसाद फौजी, राम सरोजन वर्मा, संत कुमार पटेल, रामपाल पटेल, अशोक पटेल, विनोद पटेल एडवोकेट, सतीश कुमार, आत्माराम पटेल, इंद्र बहादुर पटेल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





