औचक निरीक्षण से मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप, प्रधानाचार्य ने परखी स्वास्थ्य सेवाएं
प्रतापगढ़ के डॉ. सोनेलाल पटेल राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. सोमनाथ ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, इमरजेंसी, वार्ड, साफ-सफाई और स्टाफ की उपस्थिति का जायजा लिया तथा बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

प्रतापगढ़। डॉ. सोनेलाल पटेल राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. सोमनाथ ने संबद्ध चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बिना पूर्व सूचना पहुंचे प्रधानाचार्य के निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप की स्थिति रही और विभिन्न विभागों में हलचल तेज हो गई।
निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य ने इमरजेंसी विभाग, विभिन्न वार्डों तथा अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण, स्टाफ की उपस्थिति एवं अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और मरीजों को समयबद्ध एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य ने अस्पताल परिसर की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। इस दौरान डॉ. अवंतिका पाण्डेय भी उनके साथ मौजूद रहीं।





