ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

विश्व युवा कैशलेस दिवस पर आईटीआई में लगा वृहद रोजगार मेला, 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने किया प्रतिभाग

प्रतापगढ़ के राजकीय आईटीआई में विश्व युवा कैशलेस दिवस पर आयोजित वृहद रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के लिए प्रेरित किया।

प्रतापगढ़। विश्व युवा कैशलेस दिवस के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में मंगलवार को वृहद रोजगार मेले एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा छात्र-छात्राओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।

अपने संबोधन में विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और उसे अपनी प्रतिभा, मेहनत तथा कौशल के बल पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से तकनीकी शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाकर निजी एवं औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर भविष्य बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नोडल प्रधानाचार्य आलोक कुमार ने बताया कि इस वृहद रोजगार मेले में देश-विदेश की 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इनमें Blinkit, L&T, Shudh Masala, Care 4 Health सहित अन्य नामी कंपनियां शामिल रहीं। विभिन्न कंपनियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता के आधार पर चयन किया तथा चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

उन्होंने बताया कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं और उन्हें अपने करियर की मजबूत शुरुआत करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) रविन्द्र कुमार, एमआईएस भूपेन्द्रसिंह, बीपीएम सुनील नजमुल, रवि प्रताप, सौरभ त्रिपाठी सहित संस्थान के समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रोजगार मेले में भाग लेकर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से संवाद किया और रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।

पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा तथा चयनित अभ्यर्थियों के चेहरों पर रोजगार मिलने की खुशी स्पष्ट दिखाई दी।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button