
कुंडा, प्रतापगढ़। कुंडा कोतवाली क्षेत्र के भिटवा जमेठी गांव में एक सप्ताह पहले हुई लूट और मारपीट की वारदात में गंभीर रूप से घायल वृद्ध रामलखन जायसवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार रात लखनऊ के एक निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।
शनिवार को शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब इस मामले में लूट के साथ हत्या की धाराएं भी बढ़ाई जाएंगी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व देर रात बदमाशों ने रामलखन जायसवाल के घर में घुसकर उनके और उनकी पत्नी सूर्यकली के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इसके बाद बदमाश नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
गंभीर रूप से घायल दंपती को पहले कुंडा सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्रयागराज के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर रामलखन को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। फोरेंसिक, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। जांच के दौरान पुलिस ने लूटकांड में शामिल कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रामलखन की मौत के बाद पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में हत्या की संबंधित धाराएं भी शामिल करेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।





