59 हजार करोड़ के अनुपूरक बजट पर CM योगी का बड़ा ऐलान, किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों को मिलेगा सीधा लाभ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट को किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीबों के लिए लाभकारी बताया। बजट में एक्सप्रेसवे, मानदेय वृद्धि, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर विशेष फोकस किया गया है।

लखनऊ:
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने 59 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अनुपूरक बजट के जरिए किसानों, युवाओं, महिलाओं, गरीबों और प्रदेश के विकास को नई गति देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के कल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और विधानसभा के बाद विधान परिषद से पारित होने पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से इसका लाभ लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विधान भवन परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार पिछले नौ वर्षों से विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। अनुपूरक बजट में नई योजनाओं के साथ-साथ आधारभूत संरचना को मजबूत करने और उत्तर प्रदेश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क के विस्तार के लिए भी पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया गया है।
इन वर्गों को मिलेगा सीधा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, मिड-डे मील रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और कोटेदारों के मानदेय में वृद्धि का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा निराश्रित महिलाओं, वृद्धावस्था और दिव्यांगजन पेंशन बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है।
आउटसोर्स कर्मचारियों और शिक्षामित्रों के लिए बड़ी राहत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मियों को न्यूनतम मानदेय और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षामित्रों का मानदेय 3 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है। साथ ही उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया गया है। बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलेगा।
महापुरुषों के सम्मान में 407 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक न्याय के महान पुरोधाओं बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, संत ज्योतिबा फुले, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर और छत्रपति शाहू जी महाराज की प्रतिमाओं पर छाजन, सुरक्षित पार्क और चारदीवारी के निर्माण के लिए अनुपूरक बजट में 407 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।
विकास और कल्याण पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री के अनुसार यह अनुपूरक बजट केवल नई योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा, कर्मचारी कल्याण और कमजोर वर्गों के जीवन स्तर में सुधार के उद्देश्य से तैयार किया गया है। सरकार का दावा है कि बजट के लागू होने के बाद इसका लाभ प्रदेश के लाखों लोगों तक पहुंचेगा।





