22 जुलाई को भाजपा का मेगा बूथ अध्यक्ष सम्मेलन, तैयारियों को लेकर बनी रणनीति
प्रतापगढ़ भाजपा कार्यालय में 22 जुलाई को होने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई। जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल ने बूथ अध्यक्षों को संगठन की सबसे मजबूत कड़ी बताते हुए शत-प्रतिशत उपस्थिति और बूथ सशक्तिकरण पर जोर दिया।

प्रतापगढ़। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आगामी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर वाराणसी एवं भाजपा जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य भी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 22 जुलाई को जनपद की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों से सक्रियता और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत और महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी मंडलों से शत-प्रतिशत बूथ अध्यक्षों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
साथ ही डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम और प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि संगठन की योजनाओं को अंतिम कार्यकर्ता तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान जिला उपाध्यक्ष रामजी मिश्र ने डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की कार्यप्रणाली और इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को इससे जोड़ने की अपील की।
समापन अवसर पर सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य ने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानकर बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक राजेश मिश्र ‘राजन’ ने किया। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





