
प्रतापगढ़। जिला बार एसोसिएशन प्रतापगढ़ के निर्वाचन वर्ष 2026-27 के लिए शुक्रवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में मतदान संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया एल्डर कमेटी के प्रभारी अध्यक्ष जय नारायण सिंह एडवोकेट, एल्डर कमेटी के सदस्यों तथा चुनाव समिति के पदाधिकारियों की निगरानी में संपन्न कराई गई।
चुनाव में अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 356 मतदाताओं में से 349 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे लगभग 98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिला बार एसोसिएशन के संयुक्त मंत्री संदीप सिंह एडवोकेट ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को सुबह 10 बजे से जिला बार एसोसिएशन कार्यालय में मतगणना शुरू होगी। उन्होंने बताया कि सभी प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं की उपस्थिति सुबह 9:30 बजे मतगणना स्थल पर अनिवार्य रहेगी। मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
शांतिपूर्ण मतदान के बाद अब अधिवक्ताओं की निगाहें शनिवार को होने वाली मतगणना और नए पदाधिकारियों के चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।





