
मानिकपुर, प्रतापगढ़। किसानों की सिंचाई समस्या को दूर करने के लिए विकासखंड कुंडा की ग्राम पंचायत दुलुवामई के प्रधान प्रतिनिधि रमेश सरोज, विकासखंड कालाकांकर की ग्राम पंचायत कियावां के प्रधान राजकुमार पटेल तथा ग्राम पंचायत बड़गौं के प्रधान अर्जुन मौर्य ने जनहित का सराहनीय उदाहरण पेश किया है। तीनों जनप्रतिनिधियों ने अपने निजी खर्च से जेसीबी मशीन लगवाकर हेड लालचंद का पुरवा से कियावां तक लगभग छह किलोमीटर लंबी नहर की सफाई कराई।
ग्रामीणों के अनुसार नहर में वर्षों से गाद, झाड़-झंखाड़ और अवरोध जमा होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित था। इसका सीधा असर आसपास की लगभग 10 ग्राम सभाओं के किसानों पर पड़ रहा था और धान की फसल के लिए समय पर सिंचाई नहीं हो पा रही थी। ऐसे में तीनों प्रधानों ने सरकारी कार्रवाई का इंतजार करने के बजाय स्वयं पहल करते हुए नहर की सफाई कराकर किसानों को बड़ी राहत दिलाई।
ग्रामीणों का कहना है कि नहर की सफाई होने से अब सिंचाई का पानी आसानी से खेतों तक पहुंचेगा, जिससे हजारों बीघा कृषि भूमि की धान की फसल को लाभ मिलेगा। किसानों ने इसे जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उनकी सराहना की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हर वर्ष किसानों की जरूरत को देखते हुए इस प्रकार की पहल की जाती है, जिससे क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था सुचारु बनी रहती है। ग्रामीणों ने तीनों प्रधानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों के कारण किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान संभव हो पा रहा है l





