ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

पुलिस चौकी के समीप रिवाल्वर गरजी, स्कूटी की टक्कर पर खूनी खेल!

प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र में रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी के सामने स्कूटी और कार की मामूली टक्कर के बाद फायरिंग हो गई। घटना में दो लोग घायल हुए। पुलिस ने आरोपित पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रतापगढ़।

लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रानीगंज कैथौला पुलिस चौकी के सामने रविवार शाम करीब चार बजे स्कूटी में कार की मामूली टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के बीच रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित कार सवार और उसके बेटे को हिरासत में ले लिया।

बताया गया कि आगई निवासी संजय शुक्ल कार बैक कर रहे थे। इसी दौरान बोधी सिंह का पुरवा निवासी विपुल सिंह की स्कूटी में हल्की टक्कर लग गई। मामूली विवाद ने कुछ ही देर में तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी तो मामला पुलिस चौकी के सामने पहुंच गया।

आरोप है कि इसी दौरान संजय शुक्ल ने रिवाल्वर निकालकर विपुल सिंह को निशाना बनाकर गोली चला दी। विपुल को बचाने के प्रयास में पास खड़े उसके रिश्तेदार सक्षम ने उसे हटाया, लेकिन गोली विपुल के कंधे को छूते हुए सक्षम के हाथ में भी जा लगी। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान करीब तीन राउंड फायरिंग हुई।

पुलिस चौकी के ठीक सामने दिनदहाड़े गोलियां चलने से बाजार में भगदड़ और अफरातफरी मच गई। चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और संजय शुक्ल तथा उसके बेटे को हिरासत में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

घायल विपुल सिंह और सक्षम को एंबुलेंस से लालगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विपुल की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सक्षम का उपचार किया गया।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button