जयंती की पूर्व संध्या पर याद किए गए पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रबुद्धजनों ने जलाए दीप
प्रतापगढ़ में पं. मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया और प्रबुद्धजनों ने उनके शिक्षा एवं समाजसेवा के योगदान को याद किया।

प्रतापगढ़।
शिक्षा जगत के मालवीय कहे जाने वाले तथा चारों सदनों के सदस्य रहे कालजयी पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर रविवार को नगर के ट्रेजरी चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय अमर रहे के नारों से गूंज उठा।
ग्रामीण इंटर कालेजेज के अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता पं0 श्याम किशोर शुक्ल ने पंडित मुनीश्वरदत्त की प्रतिमा पर उन्हें नमन कर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित किया। उन्होंने कि पंडित जी का जीवन शिक्षा, समाजसेवा और जनहित के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है।
उनके विचार और योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं एकत्र हुए और पंडित जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर पंडित मुनीश्वर दत्त उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पीसीसी सदस्य डॉ प्रशांत देव शुक्ल, डॉ श्याम शंकर शुक्ल, पूर्व प्राचार्य रमेश मिश्रा, काशी नारायण मिश्रा, संजय तिवारी, परशुराम सेना के प्रदीप शुक्ला, सुशील तिवारी के अलावा भारी संख्या में प्रबुद्धजन मौजूद रहे।





