सरकारी नाली और रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप, समाधान दिवस के बाद भी कार्रवाई न होने पर एसडीएम से लगाई गुहार
प्रतापगढ़ के कुंडा तहसील के जासामई गांव में सरकारी नाली और सार्वजनिक रास्ते पर अवैध निर्माण का आरोप। समाधान दिवस में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों ने एसडीएम से हस्तक्षेप कर अवैध कब्जा हटाने की मांग की।

प्रतापगढ़ (कुंडा)। तहसील कुंडा के ग्राम जाखामई (मानिकपुर) में सरकारी नाली और सार्वजनिक रास्ते पर कथित अवैध निर्माण का मामला एक बार फिर प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा में है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि थाना समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्राम जाखामई निवासी रमेश कुमार यादव ने उप जिलाधिकारी कुंडा को दिए शिकायती पत्र में बताया कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज गाटा संख्या 358/0.0110 में सरकारी नाली एवं आम रास्ता दर्ज है, जिसका उपयोग ग्रामीण वर्षों से आवागमन और जल निकासी के लिए करते रहे हैं।
शिकायत के अनुसार गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा सरकारी नाली और रास्ते को बाधित कर अवैध निर्माण करा लिया गया है। इससे न केवल ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि बरसात के दिनों में जल निकासी भी बाधित हो रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस विवाद के चलते गांव में आए दिन तनाव की स्थिति बनी रहती है।
पीड़ित ने बताया कि इस मामले की शिकायत पहले थाना समाधान दिवस में भी की गई थी, लेकिन अब तक न तो अवैध निर्माण हटाया गया और न ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई।
शिकायत पत्र में उप जिलाधिकारी से राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके का निरीक्षण कराने, सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने तथा नाली और सार्वजनिक रास्ते को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की मांग की गई है।
मामले को लेकर अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो विवाद और गहराने की आशंका जताई जा रही है।





