अयोध्याताज़ा ख़बर

सावन मेले के लिए अयोध्या पूरी तरह तैयार, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

सावन मेला, कांवड़ यात्रा और झूला मेले को लेकर अयोध्या नगर निगम ने श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। 471 बायो शौचालय, 109 चेंजिंग रूम, 85 वाटर कूलर, निशुल्क पेयजल, 24 घंटे सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

अयोध्या।

सावन मेला, कांवड़ यात्रा और सावन झूला मेले को लेकर रामनगरी अयोध्या पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या नगर निगम ने लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार श्रद्धालुओं को स्वच्छता, पेयजल, स्नान, विश्राम, सुरक्षा और यातायात जैसी सुविधाएं पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित रूप में उपलब्ध कराई जाएंगी।

नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नागेश्वर नाथ मंदिर, मणिपर्वत मंदिर, राम की पैड़ी, तुलसी उद्यान, साकेत अंडरपास और अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई के साथ श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी आश्रय स्थल भी बनाए गए हैं।

श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम

नगर निगम ने इस बार मेला क्षेत्र में—

  • 471 बायो शौचालय
  • 109 चेंजिंग रूम (9 स्थायी और 100 अस्थायी)
  • 85 वाटर कूलर
  • 25 वाटर कियोस्क

की व्यवस्था की है। इन सभी स्थानों पर श्रद्धालुओं को निशुल्क शुद्ध पेयजल और स्वच्छ सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। महिलाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग चेंजिंग रूम बनाए गए हैं।

घाटों की लगातार सफाई, हर जगह साइनेज बोर्ड

सरयू नदी के घाटों की नियमित धुलाई जेटिंग मशीनों से की जा रही है। प्रमुख मंदिरों, शौचालयों, चेंजिंग रूम और अन्य सुविधाओं तक पहुंच आसान बनाने के लिए दिशा-सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं।

अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं पर विशेष अभियान

नगर निगम की प्रवर्तन टीम फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने में जुटी है ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं आवारा गौवंश और छुट्टा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

पॉलीथीन मुक्त होगा मेला

नगर निगम ने पूरे मेला क्षेत्र में पॉलीथीन मुक्त अभियान तेज कर दिया है। पीए सिस्टम और वीएमएस के जरिए श्रद्धालुओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यातायात नियमों के पालन के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।

डीएम-एसएसपी कर रहे लगातार निगरानी

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।

महापौर बोले- हर श्रद्धालु को मिलेगा सुरक्षित और सुखद अनुभव

महापौर एवं महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों के समन्वय से इस बार सावन मेले को भव्य और सुविधाजनक बनाने की दिशा में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Girijesh Tiwari

गिरिजेश तिवारी वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया में लंबे समय का अनुभव प्राप्त है। उन्होंने हिन्दुस्तान, राष्ट्रीय सहारा और यूनाइटेड भारत जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में प्रतापगढ़ से दैनिक पॉड के संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button