तहसील बार की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, न्याय हित में समर्पित होकर काम करने का संकल्प
प्रतापगढ़ के रानीगंज तहसील बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। नए पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार की गरिमा बनाए रखने और न्याय व्यवस्था को सशक्त करने का संकल्प लिया।

प्रतापगढ़। रानीगंज तहसील बार एसोसिएशन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व भाजपा विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार की गरिमा बनाए रखने और न्याय व्यवस्था को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में चंद्रभान सिंह ने अध्यक्ष, परवेश मणि तिवारी ने महामंत्री, प्रेमशंकर दूबे एवं अब्दुल रहमान ने उपाध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके अलावा अब्दुल कलाम, अनिल दूबे, दिनेश कुमार, अभिषेक पाण्डेय, अशोक पटेल, दिनेश यादव, आशुतोष पाण्डेय और सुमित सरोज सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने पद की जिम्मेदारी संभाली।
समारोह की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह ने की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय से आम लोगों को समयबद्ध और प्रभावी न्याय मिल सकेगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी से निष्पक्षता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि अभय कुमार धीरज ओझा ने कहा कि बार एसोसिएशन की नई टीम अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के साथ न्यायिक परंपराओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मीरा गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख शिवगढ़ सत्यम ओझा, जयप्रकाश मिश्रा, देवेश प्रताप सिंह, अशोक कुमार मिश्रा, शिवेंद्र सिंह, बद्री प्रसाद गुप्ता, राकेश सरोज, रमेश सिंह, शैलेश पांडे, रवि सिंह, मंगलम यादव, मनीष यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने नई कार्यकारिणी से अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा जताई।





