रेडिको कबड्डी लीग 2026 का खिताब एचआरडी इंटर कॉलेज बिसवां के नाम, 16 स्कूलों ने दिखाया दम
सीतापुर में रेडिको खेतान लिमिटेड की ओर से आयोजित रेडिको कबड्डी लीग 2026 का खिताब एचआरडी इंटर कॉलेज, बिसवां ने जीता। प्रतियोगिता में 16 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।

सीतापुर:
ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेडिको खेतान लिमिटेड की सीतापुर इकाई द्वारा सीएसआर के अंतर्गत आयोजित रेडिको कबड्डी लीग-2026 का शानदार समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में एचआरडी इंटर कॉलेज, बिसवां ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि आरबीएसबीएस इंटर कॉलेज, कमलापुर (सिधौली) उपविजेता रहा।
16 विद्यालयों की टीमों ने लिया हिस्सा
प्रतियोगिता में बिसवां और सिधौली तहसील के कुल 16 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन का परिचय दिया।
विजेता टीमों को ट्रॉफी और पुरस्कार
कार्यक्रम का आयोजन सीएसआर अध्यक्षा अनीता चौहान के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि रेडिको खेतान लिमिटेड, सीतापुर इकाई के प्रमुख अंशु श्रीवास्तव ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता
अंशु श्रीवास्तव ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखेगी।
इस अवसर पर एचआर हेड अजय कुमार गोस्वामी, इंजीनियरिंग हेड यूएन पांडेय, फाइनेंस हेड अनिल जैन, बॉटलिंग हेड भूपेंद्र सिंह तोमर, प्रोसेस हेड डीके यादव, कमर्शियल हेड दीपक सिंह, आईटी हेड दिनेश अवस्थी सहित कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समाजसेवी अरिंजय चौधरी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन विशाल शर्मा ने किया।





