कांवड़ यात्रा की तैयारियों का नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया निरीक्षण, अमहट घाट पर सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
बस्ती में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने कांवड़ यात्रा को लेकर अमहट घाट का निरीक्षण किया। धर्मशाला के जीर्णोद्धार, नए शौचालय, साफ-सफाई, सीसीटीवी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बस्ती:
कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष नेहा वर्मा ने मंगलवार को अमहट घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
धर्मशाला, शौचालय और साफ-सफाई पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने धर्मशाला के जीर्णोद्धार, नए शौचालयों के निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था और पथ प्रकाश की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीसीटीवी, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश
नेहा वर्मा ने घाट क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, शुद्ध पेयजल और रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमहट घाट जनपद का प्रमुख धार्मिक स्थल है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, सभासद रामसनेही यादव, सोनू पांडेय, विवेक श्रीवास्तव, विक्रम, दुर्गेश तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





