मजदूरी पर निकले अधेड़ का शव अगले दिन नाले में मिला, परिवार में मचा कोहराम
सोमवार सुबह घर से निकले थे 60 वर्षीय सुंदर लाल सरोज, मंगलवार को पास के दुवर नाला में मिला शव; पुलिस ने शुरू की जांच

मानिकपुर, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाना क्षेत्र के सहजनी गांव के गिरवर का पुरवा निवासी एक अधेड़ का शव मंगलवार सुबह पास के दुवर नाला में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार सुबह मजदूरी करने के लिए घर से निकले अधेड़ के देर शाम तक वापस न लौटने पर परिजनों ने रातभर तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। 
मृतक की पहचान सुंदर लाल सरोज (लगभग 60 वर्ष) पुत्र विशेषर सरोज, निवासी गिरवर का पुरवा, सहजनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सुंदर लाल सोमवार सुबह करीब सात बजे मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, मगर कोई सफलता नहीं मिली।
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के पास स्थित दुवर नाला में एक शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची मानिकपुर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुंदर लाल सरोज के रूप में की। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
मृतक अपने पीछे पत्नी जगराना देवी, एक पुत्र पुत्तीलाल सरोज और एक पुत्री सुष्मिता सरोज को छोड़ गए हैं। दोनों बच्चों का विवाह हो चुका है। पति का शव देखते ही जगराना देवी बेसुध हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।





