अन्यताज़ा ख़बरप्रयागराज

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम: डॉ. कीर्तिका अग्रवाल

प्रयागराज में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित युवा सम्मेलन में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।

प्रयागराज। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को भाजपा प्रयागराज महानगर की ओर से शहर पश्चिमी विधानसभा स्थित हनुमान वाटिका में युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया और युवाओं को समाज व देश के लिए समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज भी उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि भारत के नवनिर्माण की जिम्मेदारी देश के युवाओं के कंधों पर है। स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज का युवा उसी मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। दुनिया की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले भारत के पास विकसित राष्ट्र बनने का सुनहरा अवसर है और इसमें युवाओं की भागीदारी निर्णायक होगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक युवाओं की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है। आज देश के युवा विज्ञान, तकनीक, खेल, शिक्षा और उद्यमिता सहित हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और संघर्ष आज भी युवाओं को देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, सह-संयोजक दीप द्विवेदी और शुभम सिंह रहे। संचालन सह-संयोजक मंजीत कुशवाहा ने किया। सम्मेलन में काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, रमेश पासी, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, रामजी शुक्ला, राजू राय, डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रम भदौरिया, प्रेम नारायण केसरवानी, कुंज बिहारी मिश्रा, प्रमोद मोदी, पप्पू पांडेय, श्याम प्रकाश पांडेय, शुभम पांडेय बाला, राम लोचन साहू सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button