फाइन आर्ट्स अभ्यर्थियों ने अपर शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन, नई नियमावली लागू करने की उठाई मांग
प्रयागराज में फाइन आर्ट्स के डिग्रीधारी प्रतियोगी छात्रों ने अपर शिक्षा निदेशक को ज्ञापन सौंपकर एनसीटीई मानकों के अनुरूप नई भर्ती नियमावली लागू करने की मांग की। अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कला विषय के शिक्षकों की भर्ती को लेकर फाइन आर्ट्स के डिग्रीधारी प्रतियोगी छात्रों ने गुरुवार को अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) एवं माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने सरकार द्वारा जारी नई नियमावली और एनसीटीई (राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद) के मानकों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया लागू करने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने कहा कि शासन ने कला विषय में स्नातक डिग्रीधारी अभ्यर्थियों को एनसीटीई के मानकों के अनुरूप पात्र मानते हुए शासनादेश जारी किया है। ऐसे में आगामी शिक्षक भर्ती विज्ञापनों में भी नई नियमावली का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
अपर शिक्षा निदेशक ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि सरकार और आयोग शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगामी भर्ती प्रक्रिया एनसीटीई के मानकों और नई नियमावली के अनुरूप संचालित की जाएगी तथा योग्य अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ज्ञापन सौंपने वालों में ओमप्रकाश यादव, नीरज कुमार कुशवाहा, अवनीश कुमार, अनुज कुमार, दीपक कुमार, साधना पटेल, राम प्रताप, प्रीति देवी, उमानाथ यादव, भोला नाथ सरोज, सूर्य प्रकाश, रविंदर विश्वकर्मा, सचिन सहित अन्य प्रतियोगी छात्र शामिल रहे।





