
प्रतापगढ़।16 जुलाई। रानीगंज के निवर्तमान विधायक अभय कुमार उर्फ धीरज ओझा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
भेंट के दौरान धीरज ओझा ने रानीगंज के संसारपुर में निर्माणाधीन औद्योगिक क्षेत्र के लिए रुकी हुई धनराशि शीघ्र जारी कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे निर्माण कार्य में तेजी आएगी और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने इस संबंध में आवश्यक धनराशि जल्द जारी कर परियोजना को गति देने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा धीरज ओझा ने रानीगंज स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ बाराही धाम को धार्मिक एवं पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए माँ बाराही कॉरिडोर के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
धीरज ओझा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के सहयोग और मार्गदर्शन से रानीगंज विधानसभा की लंबे समय से लंबित विकास योजनाओं को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की जनता को उनका लाभ प्राप्त होगा।





