संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला युवक, मौत
लालगंज के अर्जुनपुर गांव में 22 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आ रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

लालगंज, प्रतापगढ़। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव में रविवार की सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार अर्जुनपुर निवासी मुकेश सरोज का पुत्र पंकज सरोज (22) शनिवार की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने उसे आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने दरवाजा तुड़वाया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। पंकज का शव फंदे से लटका हुआ था।
सूचना मिलते ही लालगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
स्थानीय लोगों के बीच दबी जुबान से यह चर्चा भी रही कि मृतक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लोगों का कहना है कि युवती द्वारा उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। हालांकि पुलिस द्वारा इस संबंध में पुष्टि नहीं की गई है और इसे केवल चर्चा बताते हुए सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की बात कही जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





