
सीतापुर: शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को बस स्टॉप स्थित एक होटल के बंद कमरे से 47 वर्षीय महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
मृतका की पहचान अनुपमा पांडेय (47) पत्नी अमित पांडेय, निवासी आवास विकास कॉलोनी, हरदोई के रूप में हुई है। वह दो दिन पहले बस स्टॉप स्थित राजस्थानी होटल के कमरा नंबर-201 में ठहरी थीं। इसके बाद लगातार दो दिनों तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, जिससे होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधिकारियों की मौजूदगी में कमरा खुलवाया तो महिला का शव बेड पर पड़ा मिला।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका के पति अमित पांडेय ग्राम पंचायत अधिकारी हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से विवाद चल रहा था। अनुपमा अपनी बेटी के साथ लखनऊ में रह रही थीं, जबकि उनका मायका लखीमपुर खीरी में है।
फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस होटल के रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और महिला के मोबाइल की जांच कर रही है। एएसपी उत्तर आलोक सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





