सीतापुर। कोतवाली क्षेत्र के दुड़ावल गांव में शुक्रवार सुबह एक 45 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार पताबोझ चौकी क्षेत्र के दुड़ावल गांव निवासी अनिल (45) पुत्र राजाराम शराब पीने का आदी बताया जाता है। गुरुवार रात वह भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने कमरे में देखा तो उसका शव छत के कुंडे से फंदे पर लटका मिला।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।



