ताज़ा ख़बरप्रयागराज

प्रयागराज के विराट जायसवाल दिखाएंगे दमखम, काशी रुद्रा ने बेस प्राइज में टीम से जोड़ा

यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण में प्रयागराज के खब्बू ऑलराउंडर विराट जायसवाल खेलते नजर आएंगे। काशी रुद्रा ने मिनी ऑक्शन में उन्हें बेस प्राइज पर टीम में शामिल किया।

प्रयागराज।

संगम नगरी के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण में प्रयागराज के प्रतिभाशाली खब्बू ऑलराउंडर विराट जायसवाल अपना दमखम दिखाते नजर आएंगे। दो बार की चैंपियन टीम काशी रुद्रा ने मिनी ऑक्शन में विराट जायसवाल को उनके बेस प्राइज पर अपने साथ जोड़ लिया है।

मिनी ऑक्शन में मिली टीम में जगह

चौधरी नौनिहाल सिंह क्रिकेट एकेडमी के सचिव सत्यव्रत सहाय ने बताया कि आगरा में आयोजित यूपी टी20 लीग के चौथे संस्करण के मिनी ऑक्शन में काशी रुद्रा ने विराट जायसवाल पर भरोसा जताया और उन्हें टीम में शामिल किया।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज के ही तेज गेंदबाज अटल बिहारी राय पहले से ही काशी रुद्रा के गेंदबाजी आक्रमण की अहम कड़ी बने हुए हैं।

इंडियन रेलवे का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं विराट

सत्यव्रत सहाय के अनुसार विराट जायसवाल और अटल बिहारी राय दोनों ही चौधरी नौनिहाल सिंह क्रिकेट एकेडमी के कोच मोहम्मद आसिफ के प्रशिक्षु हैं और वर्तमान में पूर्वोत्तर रेलवे में कार्यरत हैं।

विराट जायसवाल पिछले वर्ष कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में इंडियन रेलवे का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन को देखते हुए यूपी टी20 लीग में भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।

अटल बिहारी राय ने दिलाई थी काशी रुद्रा को खिताबी सफलता

संगम नगरी के तेज गेंदबाज अटल बिहारी राय ने यूपी टी20 लीग के पहले संस्करण में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 25 विकेट हासिल किए थे। उनके इस प्रदर्शन ने काशी रुद्रा को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

यूपीसीए सचिव ने दी बधाई

सत्यव्रत सहाय ने बताया कि यूपीसीए के संयुक्त सचिव डॉ. उमर मुस्तफा हसन ने विराट जायसवाल के काशी रुद्रा से जुड़ने पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Shivram Giri

शिवराम गिरि वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 17 वर्षों का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दैनिक जागरण, अमर उजाला और भारत समाचार जैसे देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। पत्रकारिता के हर माध्यम पर उनकी मज़बूत पकड़ उन्हें मीडिया जगत में एक विश्वसनीय आवाज बनाती है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी पहचान है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button