
प्रयागराज।
नैनी थाना क्षेत्र के सरगम तिराहे के पास शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार बस ने भीषण हादसा कर दिया। सवारियों से भरी अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े ठेले, साइकिल और बाइक को टक्कर मारते हुए एक गुमटी से जा भिड़ी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओवरटेक की कोशिश में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार अनुबंधित बस रामबाग से ड्रमंडगंज जा रही थी। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (NSIC) के पास दूसरी बस के ओवरटेक करने के बाद चालक ने भी आगे निकलने की कोशिश की। सरगम तिराहे पर सवारियां बैठाने की होड़ में बस की रफ्तार बढ़ गई और चालक नियंत्रण खो बैठा।
अनियंत्रित बस सड़क किनारे खड़े ठेले, साइकिल और बाइक को टक्कर मारते हुए गुमटी से जा टकराई।
तीन लोग गंभीर घायल, बस के नीचे फंसे
हादसे में ठेला दुकानदार रवि केसरवानी (35), साइकिल सवार कृपा प्रजापति (40) और राम बाबू गंभीर रूप से घायल हो गए। रवि और कृपा बस के नीचे फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। कुछ लोगों ने चालक के नशे में होने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस को कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बाइक सवार की बची जान
हादसे में जिस बाइक को बस ने सबसे पहले टक्कर मारी, उसके मालिक भूपेंद्र कुमार घटना से कुछ मिनट पहले ही पास के मेडिकल स्टोर पर दवा लेने चले गए थे। उन्होंने बताया कि यदि वह बाइक पर बैठे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।





