दुबई से लौटे यात्री से 30 लाख का सोना चोरी, अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ के सरोजनीनगर में दुबई से लौटे यात्री से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का सोना चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 203.92 ग्राम सोने का कैप्सूल बरामद किया।

लखनऊ।
राजधानी की सरोजनीनगर पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने दुबई से लौटे एक यात्री से करीब 30 लाख रुपये मूल्य का सोना चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 203.92 ग्राम सोने का पाउडर (कैप्सूल) बरामद किया है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, बलिया निवासी महबूब आलम ने 3 अगस्त को सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को दुबई से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दीपक वर्मा, राम प्रताप दुबे, अर्शदीप और उनके साथियों ने उन्हें अपनी कार में बैठा लिया। काफी देर तक घुमाने के बाद आरोपियों ने उन्हें आलमबाग बस अड्डे के पास उतार दिया और उनका ट्रॉली बैग, पासपोर्ट, कपड़े तथा सोने का कैप्सूल लेकर फरार हो गए।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चार विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू की। करीब 100 से 130 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण करने के बाद पुलिस ने दीपक वर्मा और राम प्रताप दुबे को गिरफ्तार कर चोरी किया गया सोना बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक अंतरराज्यीय गिरोह का हिस्सा हैं, जिसके सदस्य राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सक्रिय हैं। गिरोह खाड़ी देशों, विशेषकर दुबई, में ऐसे भारतीयों को निशाना बनाता है जो जल्द भारत लौटना चाहते हैं। उन्हें खरीदारी, नकद धनराशि और हवाई टिकट का लालच देकर सोने की तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने इस बार गिरोह के अन्य सदस्यों तक सोना पहुंचाने के बजाय अधिक मुनाफे के लालच में अपने ही नेटवर्क को धोखा देते हुए यात्री से सोना चोरी कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपी बलरामपुर जिले के निवासी हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। बरामद सोने के साथ आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।





