ताज़ा ख़बरप्रतापगढ़

अज्ञात कार की टक्कर से स्कूटी सवार किशोरी की मौत

पेट्रोल भरवाने जा रही 17 वर्षीय स्कूटी सवार किशोरी को नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, चालक वाहन छोड़कर फरार।

लालगंज, प्रतापगढ़। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह नेशनल हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक किशोरी की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात कार ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, लालगंज कोतवाली क्षेत्र के पयागीपुर गांव निवासी विमलेश वर्मा की 17 वर्षीय पुत्री अन्नू वर्मा शुक्रवार सुबह स्कूटी से रायपुर तियांई स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने गई थी। पेट्रोल पंप के समीप नेशनल हाईवे पर लालगंज की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अन्नू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। दुर्घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया है।
प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की पहचान कर उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sanjeev Dwivedi

संजीव द्विवेदी वरिष्ठ पत्रकार हैं और पिछले 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 2004 में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अमर उजाला, दैनिक जागरण, श्री टाइम्स और राष्ट्रीय स्वरूप जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। वर्तमान में दैनिक पॉड के लिए प्रतापगढ़ के लालगंज तहसील संवाददाता के रूप में कार्य कर रहे हैं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button